रायपुर। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर शहर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जोन-9 स्वास्थ्य विभाग ने जनशिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पुराना विधानसभा मार्ग स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
जोन-9 जोन कमिश्नर राकेश शर्मा के मार्गदर्शन में जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा एवं स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी की उपस्थिति में सेफ किचन, अन्नपूर्णा बिल्डट्रानिक्स और होटल राजघराना का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रतिष्ठानों में गंदगी पाए जाने पर शिकायत सही मिली।
स्वच्छता नियमों की अनदेखी पर नगर निगम ने सेफ किचन पर ₹2,000, अन्नपूर्णा बिल्डट्रानिक्स पर ₹1,000 और होटल राजघराना पर ₹5,000, यानी कुल ₹8,000 का ई-चालान किया। संबंधित संचालकों को भविष्य में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने की कड़ी चेतावनी भी दी गई। नगर निगम स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि शहर में स्वच्छता को लेकर प्राप्त जनशिकायतों पर त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और सार्वजनिक स्थानों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में गंदगी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।