रायगढ़। इंस्टाग्राम पर युवती से दोस्ती कर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने के मामले में पुसौर पुलिस ने 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय युवती ने 7 सितंबर 2026 को थाना पुसौर में ग्राम बुनगा निवासी अनिल कुमार साव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। बातचीत के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और आरोपी ने प्रेम का इजहार करते हुए युवती से शादी करने का भरोसा दिलाया।
शिकायत के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने युवती को पटेलपाली कॉलेज के पास मिलने बुलाया और बाद में होटल ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि इसके बाद मई 2026 तक आरोपी ने अलग-अलग स्थानों पर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शादी के लिए दबाव बनाने पर आरोपी कथित तौर पर विवाद कर उसे भगा देता था। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि शादी की तैयारी के नाम पर आरोपी ने उससे 45 हजार रुपये लिए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप भी लगाया गया है।
परिजनों और सहेली को घटना की जानकारी देने के बाद युवती ने पुसौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 229/2026, धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़िता का महिला पुलिस अधिकारी से बयान दर्ज कराने के साथ मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।