कानपुर। काकादेव थाना क्षेत्र में सड़क पर पेशाब करने से रोकना एक ऑटो कारोबारी को भारी पड़ गया। आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने विरोध करने पर कारोबारी अमित गुप्ता की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल अमित ने दो दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद दम तोड़ दिया।
घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। अमित गुप्ता अपनी बहन की मार्केट के सामने खड़े थे। इसी दौरान कुछ युवक कथित तौर पर सड़क पर खुले में पेशाब करने लगे। अमित ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवकों ने उन्हें सड़क पर गिराकर पीटना शुरू कर दिया और सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मारपीट की घटना कैद होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
अमित की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। पत्नी शालिनी गुप्ता और बहन शिवानी ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और न्याय की मांग की है। परिजनों का कहना है कि आरोपी अब तक खुले घूम रहे हैं, जिससे परिवार में डर का माहौल है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। वहीं, थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।