यूपी में कांग्रेस का कुनबा बढ़ा, पूर्व IAS अधिकारी और अभिनेत्री ने थामा ‘हाथ’

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। बुधवार को राजधानी लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. राकेश वर्मा और दक्षिण भारत की अभिनेत्री फिरदौस बानो (जारा खान) ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की मौजूदगी में दोनों ने पार्टी का हाथ थामा। यूपी कांग्रेस के ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

सदस्यता लेने के बाद पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. राकेश वर्मा ने ब्यूरोक्रेसी के कामकाज को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज कई अधिकारी अपने मूल दायित्वों के बजाय दूसरे कामों में अधिक व्यस्त हैं। उन्होंने देश के भविष्य के लिए शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई।

डॉ. वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखने वाली ताकतों को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान वे उनके विचारों से प्रभावित हुए। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के संघर्ष से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया।

कांग्रेस में दोनों नेताओं के शामिल होने को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के संगठन विस्तार और राजनीतिक सक्रियता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *