एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ पाई ख़राब सड़क की वजह से, गर्भवती के पेट में नवजात की मौत

आगरा। आगरा के बाहरी इलाके से स्वास्थ्य व्यवस्था और बदहाल सड़कों की गंभीर स्थिति सामने आई है। गढ़वार गांव में प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को अस्पताल ले जा रही सरकारी एंबुलेंस खराब सड़क के चलते करीब दो घंटे तक फंसी रही। परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस के समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाने के कारण नवजात बच्ची की मौत हो गई।

बताया गया कि घटना 2 सितंबर की है। गांव निवासी प्रदीप सिंह की पत्नी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई, जिसके बाद परिजनों ने सरकारी एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस महिला को लेकर अस्पताल के लिए रवाना हुई, लेकिन गांव की खराब सड़क पर पहुंचते ही वह फंस गई।

एंबुलेंस को निकालने के लिए ग्रामीणों को ट्रैक्टर की मदद लेनी पड़ी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद एंबुलेंस को सड़क से निकाला जा सका और महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, तब तक नवजात बच्ची की मौत हो चुकी थी।

बच्ची की मौत के बाद परिवार में मातम पसर गया। मृतका के पिता प्रदीप कुमार ने अधिकारियों से शिकायत कर सड़क के रखरखाव के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण एंबुलेंस समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सकी।

एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि 5 सितंबर को तहसील दिवस के दौरान मामले की शिकायत मिली थी। शिकायत को लोक निर्माण विभाग (PWD) को भेज दिया गया है और विभाग से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासनिक जांच जारी है। नवजात की मौत का वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *