बलरामपुर। जिले के रामानुजगंज में कनहर नदी में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। बालक अपने परिजनों के साथ झारखंड के बंधुवा गांव से नवरात्रि मेले में गुब्बारे बेचने आया था। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
जानकारी के अनुसार, बालक अपने परिजनों के साथ रामानुजगंज में आयोजित नवरात्रि मेले में गुब्बारे बेचने आया था। इसी दौरान वह अपने दोस्तों के साथ कनहर नदी में नहाने चला गया। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। हादसे में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बालक की तलाश शुरू की गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव नदी से बाहर निकाला गया। रामानुजगंज पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मेले में रोजी-रोटी के लिए आए परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।