बैंक के पास लुटेरी महिलाएं गिरफ्तार, किसान का 3 लाख रुपए उड़ाने की फ़िराक में थी

बैंक यूपी। महोबा जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के इंडियन बैंक के पास टप्पेबाजी की एक बड़ी वारदात नाकाम हो गई. जहां दिसरापुर निवासी किसान कांशीराम राजपूत बैंक से 3 लाख रुपये निकालकर अपनी बाइक की डिग्गी में रखे थे. इसी दौरान दो शातिर टप्पेबाज महिलाओं ने पलक झपकते ही रुपयों से भरा थैला पार कर दिया. लेकिन किसान की सतर्कता और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों महिलाओं को मौके पर ही दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया गया.दरअसल ​महोबा के इंडियन बैंक के बाहर सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिनदहाड़े 3 लाख रुपये की टप्पेबाजी का प्रयास किया गया. दिसरापुर गांव के रहने वाले किसान कांशीराम राजपूत बैंक से अपने 3 लाख रुपये की नगदी निकालकर बाहर आए थे. किसान ने जैसे ही रुपयों से भरा थैला बाइक की डिग्गी में रखा, वहां पहले से घात लगाए बैठी टप्पेबाज महिला गैंग की दो सदस्यों ने झपट्टा मारकर नगदी पार कर दी और भागने लगीं.

​महिला आरोपियों को भागता देख किसान कांशीराम ने तुरंत शोर मचाया. किसान की मुस्तैदी और आसपास मौजूद लोगों की मदद से घेराबंदी कर भाग रही दोनों महिलाओं को मौके पर ही पकड़ लिया गया. घबराकर महिलाओं ने नगदी से भरा थैला सड़क पर फेंक दिया, लेकिन वे भागने में सफल न हो सकीं. ​

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. सामने आए एक सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह दोनों महिलाएं बाइक के आसपास मंडरा रही थीं और मौका मिलते ही एक महिला डिग्गी से थैला निकालती नजर आ रही है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *