रायपुर। राजधानी के बीरगांव स्थित शासकीय प्राथमिक शाला इतवारी बाजार से 287 शासकीय पाठ्यपुस्तकों की चोरी का मामला सामने आया है। स्कूल की प्रधानपाठक सुनीता की शिकायत पर उरला थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, स्कूल में कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए शासन की ओर से पुस्तकें उपलब्ध कराई गई थीं। विद्यार्थियों को किताबें वितरित करने के बाद बची हुई 287 पुस्तकें स्कूल के एक कमरे में रखी गई थीं। स्कूल में बैठक और छुट्टी के कारण प्रधानपाठक चार दिन तक स्कूल नहीं पहुंच सकीं। 5 अक्टूबर को सुबह करीब 10:30 बजे जब वह स्कूल पहुंचीं, तो कमरे में रखी सभी 287 किताबें गायब मिलीं। इसके बाद उन्होंने उरला थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
खिड़की की तरफ से रस्सी खोलकर किताबें निकालने की आशंका
प्रधानपाठक ने अपनी शिकायत में बताया कि कमरे के दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। उनके मुताबिक, खिड़की की तरफ से रस्सी खोलकर किताबें निकाले जाने की आशंका है। स्कूल में विद्यार्थियों की दर्ज संख्या 214 बताई गई है।
स्कूल परिसर में असामाजिक गतिविधियों की भी शिकायत
प्रधानपाठक ने शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि स्कूल परिसर में कथित तौर पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। उन्होंने शराब पीने, जुआ खेलने और गांजा सेवन जैसी गतिविधियां होने की बात कही है। इससे पहले भी बोर के कमरे के केबल, वायर और बोर्ड चोरी होने की शिकायत किए जाने का उल्लेख आवेदन में है। पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। चोरी में शामिल आरोपियों और किताबों के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।