Headlines

ससुराल के दरवाजे पर बहू का अंतिम संस्कार, संदिग्ध मौत होने पर मृतिका के परिजनों ने किया जमकर हंगामा

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में 19 वर्षीय विवाहिता गुंजा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद मायके वालों ने ससुराल के मुख्य दरवाजे पर ही गुंजा का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला मुशहरी थाना क्षेत्र के रजवाड़ा डीह गांव का है। जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर के कांटी निवासी रंजीत पासवान की बेटी गुंजा की शादी 23 जनवरी को कुंदन कुमार से हुई थी। कुंदन रजवाड़ा डीह गांव के पलटन पासवान का बेटा है। बताया जा रहा है कि दोनों ने प्रेम प्रसंग के बाद शादी की थी।

परिजनों के मुताबिक, रात करीब 12 बजे स्थानीय वार्ड सदस्य के माध्यम से उन्हें गुंजा की मौत की सूचना मिली। इसके बाद मायके पक्ष के लोग उसके ससुराल पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि गुंजा को शादी के बाद से ही दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। परिवार का यह भी कहना है कि वे धनतेरस के अवसर पर दहेज का सामान देने की तैयारी कर रहे थे।

गुंजा की मां मंजू देवी और मामा छोटू कुमार ने उसकी मौत पर संदेह जताते हुए जांच की मांग की। परिजनों का दावा है कि गुंजा के गले पर गहरे निशान थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मायके पक्ष के पहुंचने से पहले ससुराल वाले शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, गुंजा की मौत के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

सूचना मिलने पर मुशहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद मायके पक्ष ने ससुराल के मुख्य दरवाजे पर ही अंतिम संस्कार किया।

पुलिस ने गुंजा के पिता की शिकायत पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *