किराना दुकान में विवाद के बाद युवक के सिर पर किया था हमला, एक साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में एक साल से अधिक समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुमेन्द्र कुमार खाण्डे (43 वर्ष), निवासी अंबेडकर चौक गतौरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 17 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस मामले में एक अन्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस के अनुसार, घटना 22 मई 2025 की है। प्रार्थी संतोष कांत ने 23 मई 2025 को मस्तूरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह अपने 20 वर्षीय बेटे शशिकांत के साथ किराना दुकान में मौजूद था। इसी दौरान सुमेन्द्र कुमार खाण्डे दुकान पहुंचा और पानी पाउच व राजश्री खरीदी, लेकिन पैसे नहीं दिए। पैसे मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत के मुताबिक, कुछ देर बाद सुमेन्द्र अपने छोटे भाई शिव खाण्डे के साथ दुकान पहुंचा। दोनों ने शशिकांत को जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान शिव खाण्डे ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से शशिकांत के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे संतोष कांत, उनकी पत्नी अशोक बाई और छोटे भाई संतराम कांत के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।

पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। जांच के दौरान शिव खाण्डे को पहले गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था। घटना में इस्तेमाल लोहे की पट्टीनुमा रॉड भी जब्त की गई थी। वहीं, सुमेन्द्र कुमार खाण्डे घटना के बाद से फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी को उसके निवास पर दबिश देकर हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार करने की बात सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में मस्तूरी पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *