बीजेपी नेता का इंजीनियर बेटा भी जिंदा जला, बस अग्निकांड पर अपडेट

महोबा। दिल्ली से महोबा आ रही राज कल्पना ट्रेवल्स की बस में अचानक आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में महोबा जिले के चरखारी निवासी भाजपा जिला कोषाध्यक्ष नीरज गुप्ता की पत्नी सुनीता गुप्ता और उनके इंजीनियर बेटे शशांक गुप्ता की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे की खबर से महोबा और चरखारी में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के मुताबिक, 50 वर्षीय सुनीता गुप्ता पिछले करीब एक महीने से गुरुग्राम में अपने बेटे शशांक के पास रहकर घुटनों का इलाज करा रही थीं। शशांक गुरुग्राम में इंडिगो एयरवेज में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। परिवार के एक रिश्तेदार को हार्ट अटैक आने के कारण मां-बेटे घर लौट रहे थे। दोनों बस की पिछली सीट पर बैठे थे।

मां का हाथ नहीं छोड़ा, खुद भी आग की चपेट में आए

बताया जा रहा है कि बस में अचानक आग और धुआं फैलने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान शशांक की मां सुनीता चलने-फिरने में असमर्थ थीं। ऐसी स्थिति में शशांक ने मां को अकेला छोड़कर बाहर निकलने से इनकार कर दिया। जानकारी के अनुसार, शशांक शीशा तोड़कर बाहर निकल सकते थे, लेकिन उन्होंने मां का हाथ नहीं छोड़ा और उन्हें बचाने का प्रयास करते रहे। अत्यधिक धुएं और आग की लपटों के बीच मां-बेटे दोनों बेहोश हो गए और उनकी मौत हो गई।

बस चालक और परिचालक पर लापरवाही के आरोप

हादसे के बाद परिजनों ने बस चालक और परिचालक पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यात्रियों ने जलने की बदबू आने की शिकायत की थी, इसके बावजूद बस को समय रहते नहीं रोका गया। परिजनों ने हादसे की जांच की मांग की है। आग में शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण उनकी पहचान के लिए डीएनए जांच और शारीरिक पहचान का सहारा लिया गया।

महोबा में शोक, नेताओं ने पहुंचकर बंधाया ढांढस

घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं सहित क्षेत्र के लोगों में शोक व्याप्त हो गया। पूर्व सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल समेत कई भाजपा नेता नीरज गुप्ता के आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। मां को बचाने के लिए बेटे के अंतिम समय तक साथ रहने की घटना ने लोगों को भावुक कर दिया है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *