Headlines

पति-पत्नी ने बेरहमी से महिला की हत्या की, शव के टुकड़े कर पकाए, बचे हिस्से को ठिकाना लगाते समय पकड़े गए

चेन्नई। तमिलनाडु एक्सप्रेस के आगरा स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन के अनारक्षित डिब्बे में ट्रॉली बैग के अंदर महिला के शव के टुकड़े मिलने के मामले में पुलिस ने दंपति को गिरफ्तार किया है। चेन्नई पुलिस ने असम निवासी 22 वर्षीय माणिक उद्दीन लश्कर और उसकी 21 वर्षीय पत्नी भगवती मांझी को 29 अगस्त को मणिपुर के जिरिबाम जिले के कासिमपुर से गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि कपल ने शरीर के कुछ हिस्सों को बिरयानी के बर्तन में पकाने के बाद बाकी शव के टुकड़ों को सूटकेस में रखकर ट्रेन से भेज दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों महिला की हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाकर फरार हो गए थे। हत्या की वजह पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

चेन्नई पुलिस ने रविवार को बताया कि माणिक उद्दीन लश्कर असम के कछार जिले का निवासी है। उसकी पत्नी भगवती मांझी का मायका ओडिशा के केंदुझरगढ़ जिले में है। दोनों को मणिपुर और तमिलनाडु पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया। मणिपुर पुलिस ने गिरफ्तार दंपति को गूडुवांचेरी के थाना प्रभारी को सौंप दिया। इसके बाद दोनों को मणिपुर के स्थानीय मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। गूडुवांचेरी पुलिस उन्हें ट्रांजिट वारंट पर तमिलनाडु के तांबरम लेकर पहुंची।

यह मामला पांच अगस्त को सामने आया था। तमिलनाडु एक्सप्रेस के आगरा स्टेशन पहुंचने पर अनारक्षित डिब्बे में यात्रियों को एक लाल रंग के लावारिस ट्रॉली से दुर्गंध आई। सूचना पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बैग की जांच करने पर उसमें एक अज्ञात महिला का सिर कटा और क्षत-विक्षत शव मिला। इससे स्टेशन पर खलबली मच गई थी। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की थी।

जांच और फॉरेंसिक विश्लेषण के जरिए बाद में शव की शिनाख्त ओडिशा की 38 वर्षीय हयातुन निशा के रूप में हुई। वह गूडुवांचेरी में रहकर एक निजी कंपनी में काम करती थी। उसकी गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस ने कई अहम सुराग जुटाए। चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज भी कई घंटों तक खंगाले गए। फुटेज में एक पुरुष और एक महिला स्टेशन परिसर में लाल रंग की अटैची घसीटकर ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने दोनों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों की तलाश शुरू की।

पुलिस ने सुराग जुटाते हुए चेन्नई के पास गूडुवांचेरी की मस्जिद स्ट्रीट स्थित एक किराए के मकान का पता लगाया। वहां तलाशी के दौरान पुलिस अधिकारियों को एक बड़े बर्तन में शरीर के अन्य कटे हुए अंग मिले। बिरयानी वाले में बर्तन में शव के टुकड़े पकाने की कोशिश की। इससे पुलिस को हत्या की आशंका और मजबूत हुई। मामला शुरुआत में गूडुवांचेरी थाने में महिला की गुमशुदगी के रूप में दर्ज किया गया था। इन खुलासों के बाद पुलिस ने मुकदमे में हत्या की धाराएं जोड़ दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *