दिल्ली। उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर दिल्ली के पुराने और प्रसिद्ध रेस्तरां ‘चोर बाजार’ की तारीफ की है। उन्होंने लंबे समय बाद इस रेस्तरां में जाने का अनुभव साझा करते हुए इसकी खास पहचान, कश्मीरी व्यंजनों और रेस्तरां उद्यमी रोहित खट्टर की प्रतिभा की सराहना की।
आनंद महिंद्रा के अनुसार, चोर बाजार से ही रोहित खट्टर की रेस्तरां व्यवसाय की यात्रा ने खास पहचान हासिल की। रोहित ने अपने पारिवारिक होटल ब्रॉडवे के डाइनिंग रूम को एक अनूठे रेस्तरां में बदला, जहां आज भी प्रामाणिक कश्मीरी व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकता है।
महिंद्रा ने शेफ शिवाली की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शेफ ने यादगार भोजन परोसने के साथ कश्मीरी खानपान से जुड़ी रोचक लोककथाओं से भी परिचित कराया। उन्होंने रोहित खट्टर के परिवार के साथ अपने परिवार के चार पीढ़ियों पुराने संबंधों का भी उल्लेख किया।
पोस्ट में आनंद महिंद्रा ने बताया कि चोर बाजार के बाद उन्होंने रोहित खट्टर के विभिन्न रेस्तरां कारोबार में उनकी उद्यमी क्षमता को करीब से देखा। इनमें इंडियन एक्सेंट, कोमोरिन, होसा, फायरबैक और ऑल अमेरिकन डाइनर जैसे नाम शामिल हैं। उन्होंने इंडियन एक्सेंट को रोहित के रेस्तरां समूह का प्रमुख ब्रांड बताते हुए अन्य रेस्तरां की भी सराहना की।
आनंद महिंद्रा ने यह भी स्पष्ट किया कि रोहित खट्टर की कंपनी में उनकी वित्तीय हिस्सेदारी है। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली आने वाले लोगों से चोर बाजार लौटने और वहां के व्यंजनों, माहौल तथा खास अंदाज का अनुभव लेने की अपील की।
महिंद्रा के संदेश का सार यही रहा कि रोहित खट्टर के रेस्तरां कारोबार की शुरुआत से जुड़े चोर बाजार की अपनी अलग पहचान है और इसे एक बार जरूर अनुभव करना चाहिए।