धमतरी। जब इरादे मजबूत हों, तो रास्ते अपने आप बन जाते हैं। इसी दृढ़ संकल्प के साथ धमतरी जिले के ग्राम चर्रा (कुरुद) के 35 वर्षीय युवा तुलसीराम साहू नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश लेकर एक प्रेरणादायक यात्रा पर निकले हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की प्रेरणा एवं समाज कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में तुलसीराम साहू 27 मार्च को साइकिल से नेपाल स्थित राधा स्वामी सत्संग व्यास डेरा के लिए रवाना हुए थे। करीब 20 दिनों की सतत यात्रा के बाद वे सफलतापूर्वक नेपाल पहुंच चुके हैं। अपनी इस यात्रा के दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया।
तुलसीराम साहू की इस प्रेरणादायक यात्रा को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र ठाकुर द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। उनके इस प्रयास को जिले में सराहना मिल रही है।
उल्लेखनीय है कि तुलसीराम साहू इससे पहले भी सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से कई यात्राएं कर चुके हैं। वर्ष 2020 में उन्होंने नारी सम्मान के लिए दल्लीराजहरा से दिल्ली तक साइकिल यात्रा की। वहीं वर्ष 2024 में धमतरी से अयोध्या तक नशामुक्ति का संदेश दिया तथा वर्ष 2025 में पंजाब, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और हरियाणा जैसे राज्यों का भ्रमण कर समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश फैलाया। उनकी प्रत्येक यात्रा समाज में जागरूकता लाने और युवाओं को सही दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण रही है।
रवाना होते समय तुलसीराम की आंखों में उम्मीद और शब्दों में दृढ़ता साफ झलक रही थी। उनका उद्देश्य स्पष्ट है—युवाओं को नशे से दूर रखकर एक सशक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण करना।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि तुलसीराम साहू का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता लाना समय की आवश्यकता है और इस दिशा में ऐसे प्रयास निश्चित रूप से सकारात्मक बदलाव लाते हैं। कलेक्टर ने जिले के युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और समाज के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।–