दुर्ग। जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो स्टील तलवारें और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त तलवारों की अनुमानित कीमत 9,500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वैशाली नगर थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर दो व्यक्ति धारदार तलवार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया।
आरोपियों से तलवार और मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुभम यादव (33 वर्ष), निवासी संगम चौक, कैंप-01 और नीरज कुमार सिंह (28 वर्ष), निवासी प्रेमनगर, कैंप-01 के रूप में की है।
तलाशी के दौरान शुभम यादव के कब्जे से करीब 5,000 रुपये कीमत की एक स्टील तलवार और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं, नीरज कुमार सिंह के पास से म्यान सहित करीब 4,500 रुपये कीमत की एक स्टील तलवार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। नीरज के पास से जब्त दो मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 60,000 रुपये बताई गई है।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
वैशाली नगर पुलिस ने शुभम यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 390/2026 और नीरज कुमार सिंह के खिलाफ अपराध क्रमांक 391/2026 दर्ज किया है। दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई करते हुए 23 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।