जशपुर। जिले में जमीन बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। तपकरा थाना क्षेत्र के ग्राम जामबहार में 60 वर्षीय मनबोध मांझी पर अपने रिश्ते के भतीजे संतोष प्रधान (30) की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक संतोष प्रधान की पत्नी सुमित्रा प्रधान ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 अक्टूबर 2026 की शाम उसका पति बाजार से घर लौटा था। इसके बाद वह अपने दादा से बातचीत करते हुए फूफा मनबोध के घर जाने की बात कहकर रात करीब 8 बजे निकल गया।
बताया गया कि जमीन के बंटवारे को लेकर संतोष और मनबोध के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना की रात मनबोध के घर की ओर से लड़ाई-झगड़े की आवाज सुनकर सुमित्रा वहां पहुंची। उसने घर के आंगन में अपने पति को मृत अवस्था में पड़ा देखा। संतोष के सिर और गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार के गंभीर निशान थे। मौके पर आरोपी मनबोध भी कुल्हाड़ी के पास बैठा मिला।
जमीन विवाद में गुस्से में आकर किया हमला
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से अपने ससुराल ग्राम जामबहार में घर जमाई के रूप में रह रहा था। जमीन के बंटवारे को लेकर संतोष के साथ उसका अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, घटना की रात संतोष उसके घर पहुंचा और जमीन को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से संतोष के सिर और गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
घटना की सूचना मिलने पर तपकरा पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी मनबोध मांझी (60), निवासी जामबहार चिटकाटोली, थाना तपकरा, जिला जशपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।