Headlines

रायपुर में निर्माणाधीन सरकारी भवन के लेबर कमरे में चोरी, 4 मोबाइल और बाइक की चाबी ले गया अज्ञात चोर

रायपुर। राजधानी रायपुर में निर्माणाधीन सरकारी भवन के परिसर में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर रात के समय लेबर कमरे में घुसकर मजदूरों और मिस्त्रियों के चार मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल की चाबी चोरी कर फरार हो गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है।

मामले में महासमुंद जिले के गोडबाहार निवासी भागवत बरिहा ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। भागवत बरिहा वर्तमान में रायपुर में रहकर राजमिस्त्री का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे नेहरू नगर पुलिस लाइन में बन रहे सरकारी भवन के निर्माण कार्य में लगे हुए हैं और वहीं रहते भी हैं।

शिकायत के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 की रात करीब 2 बजे से सुबह 4 बजे के बीच भागवत बरिहा और उनके साथी मिस्त्री व मजदूर लेबर कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात चोर ने कमरे में रखे मोबाइल फोन चोरी कर लिए। चोर भागवत बरिहा का ओप्पो 4G मोबाइल, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है, ले गया। इसके अलावा उनके साथी मिस्त्री उज्जवल मुंडा का Redmi Note 10, कीमत करीब 8 हजार रुपये, आशो मुंडा का Poco C71, कीमत करीब 8 हजार रुपये और मजदूर कुलदीप पारेश्वर का Vivo Y28, कीमत करीब 9 हजार रुपये चोरी हो गया।

अज्ञात चोर चार मोबाइल फोन के साथ एक मोटरसाइकिल की चाबी भी ले गया। चाबी में पीले रंग का हेलमेट का छल्ला लगा हुआ था। पीड़ित के अनुसार, चोरी किए गए चारों मोबाइल की कुल कीमत करीब 35,000 रुपये है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अब पुलिस निर्माण स्थल और आसपास के इलाके में लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *