Headlines

इंद्रावती कॉलोनी के सरस्वती शिशु मंदिर में सामूहिक वंदे मातरम् गायन, विद्यार्थियों ने लिया देशभक्ति का संकल्प

रायपुर। राजधानी रायपुर के इंद्रावती कॉलोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आज अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की योजना के अंतर्गत ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के तहत सामूहिक वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के भैया-बहनों, आचार्यों, अभिभावकों तथा माताओं की सहभागिता रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध संगीतकार एवं गायक मदन चौहान ने भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीताराम साहू ने की, जबकि प्रमुख वक्ता के रूप में घनश्याम चौधरी उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ता घनश्याम चौधरी ने विद्यार्थियों को वंदे मातरम् के इतिहास और महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वंदे मातरम् की रचना को 150 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। श्री बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने 7 नवंबर 1875 को वंदे मातरम् की रचना की थी। इस गीत ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशवासियों में मातृभूमि के प्रति समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पद्मश्री मदन चौहान ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वंदे मातरम् के महत्व और राष्ट्र के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। सामूहिक गायन के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।

कार्यक्रम में डॉ. ए.एस. सैफी, सतीश शर्मा, सुनील चौधरी, ज्ञानचंद चौधरी, शब्बीर हुसैन, दिलीप धनकर, देवेंद्र निर्मलकर सहित विद्यालय परिवार एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान वितरण भी किया गया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना की भावना को मजबूत करना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *