ग्रामीण-शहरी खिलाड़ियों को समान अवसर देने की पहल, क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना से सशक्त होंगे खिलाड़ी

Initiative to provide equal opportunities to rural and urban players, Sports Promotion Scheme will empower players Initiative to provide equal opportunities to rural and urban players, Sports Promotion Scheme will empower players

धमतरी। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत जिले में खेलों के सुदृढ़ वातावरण के निर्माण एवं खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के पांच खेल मैदानों एवं संस्थाओं को विविध खेल सामग्रियों का वितरण किया। इस अवसर पर कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि धमतरी जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उचित संसाधन, प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन की है। शासन द्वारा संचालित इस योजना के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी अंचलों के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे वे अनुशासित अभ्यास कर उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

उन्होंने कहा कि खेल सामग्री की उपलब्धता से विद्यालयों एवं खेल परिसरों में नियमित अभ्यास को बढ़ावा मिलेगा तथा जिला स्तर पर खेल गतिविधियों में सहभागिता और उपलब्धियों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, धमतरी द्वारा योजना के तहत विभिन्न संस्थाओं को उनकी आवश्यकतानुसार खेल सामग्री प्रदान की गई। परखंदा विद्यालय को नेटबॉल एवं बैडमिंटन सामग्री, गट्टासिल्ली विद्यालय को तीरंदाजी एवं एथलेटिक्स सामग्री सहित टी-शर्ट एवं निकर, आमदी विद्यालय को लॉन टेनिस, सॉफ्ट टेनिस, बास्केटबॉल सामग्री एवं जर्सी, कन्या स्कूल धमतरी को क्रिकेट किट, टेबल टेनिस किट, क्रिकेट शूज एवं बैडमिंटन किट तथा नगर निगम धमतरी को कुश्ती, कराते, वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग किट, इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन एवं हर्डल्स आदि सामग्री प्रदान की गई।

उक्त खेल सामग्रियों के माध्यम से खिलाड़ियों को आधुनिक एवं मानक उपकरणों के साथ नियमित अभ्यास का अवसर मिलेगा, जिससे वे स्कूल गेम्स, ओपन टूर्नामेंट तथा जिला, संभाग, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। यह पहल खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में भी सहायक सिद्ध होगी।

प्रभारी जिला खेल अधिकारी पीयूष तिवारी ने युवाओं को खेलों से अधिकाधिक जुड़ने हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि खेल गतिविधियों से विद्यार्थियों में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर सर्वांगीण विकास की दिशा में अग्रसर होने का आह्वान किया।

वितरण कार्यक्रम में वरिष्ठ व्यायाम शिक्षक थामस पॉल, गोपाल साहू, तामेश्वर प्रसाद साहू, खिलेन्द्र साहू, देवभारत साहू, विकास सिंह ठाकुर, कैलाश ध्रुव, लोकेश प्रजापति, खिलेश्वरी एवं ए.एस.ओ. जगतपति देव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *