निवेशकों को मिलेगा अनुकूल वातावरण, उद्योग स्थापना में प्रशासन देगा पूरा सहयोग

Investors will receive a favorable environment, and the administration will provide full support in setting up industries. Investors will receive a favorable environment, and the administration will provide full support in setting up industries.

धमतरी। जिले में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने एवं निवेशकों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज जिला निवेश प्रोत्साहन समिति, धमतरी की बैठक कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में  कलेक्टर कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में समिति के समस्त सदस्यगणों के साथ औद्योगिक क्षेत्र श्यामतराई, धमतरी के निवेशकगण उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर द्वारा राज्य शासन की नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024-30, जो कि (01 अक्टूबर 2024) से प्रभावशील है, के प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि इस नीति के अंतर्गत उद्योगों को पूंजी निवेश अनुदान, ब्याज अनुदान, स्टाम्प शुल्क में छूट, विद्युत शुल्क में रियायत सहित विभिन्न प्रकार की वित्तीय एवं गैर-वित्तीय सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं, जिससे निवेशकों को उद्योग स्थापना में सहूलियत प्राप्त होगी।कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि नई औद्योगिक नीति में सेवा क्षेत्र को पहली बार सम्मिलित किया गया है, जिससे न केवल औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की व्यापक संभावनाएँ भी विकसित होंगी। उन्होंने निवेशकों से नीति के प्रावधानों का अधिकतम लाभ उठाने एवं जिले में उद्योग स्थापना के लिए आगे आने का आह्वान किया।

बैठक में निवेशकों द्वारा औद्योगिक क्षेत्र श्यामतराई से संबंधित विभिन्न समस्याओं, आवश्यक सुविधाओं एवं अनुमोदनों को लेकर सुझाव एवं मांगें रखी गईं। कलेक्टर ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समन्वय के साथ त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्योग स्थापना हेतु आवश्यक समस्त विभागीय स्वीकृतियाँ एवं अनुमोदन निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रदान किए जाएँ, ताकि निवेशकों को किसी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई न हो।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन उद्योगों के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा निवेशकों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। बैठक में निवेशकों ने जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में और अधिक निवेश की संभावना जताई। बैठक में  प्रभारी जिला महाप्रबंधक जिला व्यापार उद्योग केंद्र प्रशांत चंद्राकर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *