जगदलपुर। जगदलपुर स्थित नए बस स्टैंड में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ओडिशा पुलिस ने सिविल ड्रेस में पहुंचकर एक हिस्ट्रीशीटर को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। शराब दुकान के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिसकर्मियों ने आरोपी को चारों तरफ से घेर लिया और पिस्टल की नोक पर उसे काबू में कर अपने साथ ले गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान टुन्ना महाजन के रूप में बताई जा रही है, जो ओडिशा से फरार होकर बस्तर पहुंचा था।
जानकारी के अनुसार, ओडिशा पुलिस को टुन्ना महाजन के जगदलपुर में छिपे होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम सिविल ड्रेस में जगदलपुर के नए बस स्टैंड पहुंची। यहां शराब दुकान के पास आरोपी की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे चारों ओर से घेर लिया और मौके पर ही दबोच लिया।
इस कार्रवाई का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी आरोपी को पकड़कर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में आरोपी के सिर के पास पिस्टल तनी हुई नजर आ रही है। कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी की आवाज भी सुनाई देती है, जिसमें वह कथित तौर पर कहता है— “ज्यादा हुआ तो गोली मार देंगे।” अचानक हुई इस कार्रवाई को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
ओडिशा पुलिस के मुताबिक, टुन्ना महाजन के खिलाफ चोरी और डकैती समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर बोरिगुमा पुलिस पर पांच राउंड फायरिंग करने का भी आरोप है। इसी मामले में ओडिशा पुलिस को उसकी तलाश थी। आरोपी के जगदलपुर में होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने यहां पहुंचकर कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।फिलहाल, ओडिशा पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई है और उसके खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।