जाओ दूसरी शादी कर लो, सेक्स की डिमांड पर भड़की महिला टीचर, परेशान करने वाला प्राईवेट स्कूल का मैनजेर गिरफ्तार

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक निजी स्कूल की शिक्षिका ने स्कूल मैनेजर पर आपत्तिजनक बातें और अनुचित मांग करने का आरोप लगाया है। घटना से जुड़ा करीब पांच मिनट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी मैनेजर दिनेश राय को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

मामला रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र के जिला मुख्यालय स्थित एक निजी स्कूल का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में एक कमरे में बैठे स्कूल मैनेजर और शिक्षिका के बीच बातचीत रिकॉर्ड होती दिखाई दे रही है। वीडियो में मैनेजर द्वारा कथित तौर पर शिक्षिका से आपत्तिजनक बातें की जा रही हैं। शिक्षिका इसका विरोध करते हुए उसे अनुचित व्यवहार नहीं करने की बात कहती सुनाई दे रही है।

वीडियो में शिक्षिका मैनेजर से सवाल करती है कि उसके पास पत्नी नहीं है क्या। बातचीत के दौरान मैनेजर अपनी पत्नी के बीमार होने की बात कहता है। इस पर शिक्षिका उसे दूसरी शादी करने की बात कहती है। वीडियो में आगे दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर बातचीत होती दिखाई देती है। शिक्षिका मैनेजर की कथित मांग का विरोध करते हुए कहती है कि वह भी किसी की बेटी है और उसके साथ इस तरह का व्यवहार गलत है। बातचीत के दौरान शिक्षिका लगातार अपनी आपत्ति दर्ज कराती दिखाई देती है।

बताया गया कि गुरुवार को वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस टीम निजी स्कूल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शिक्षिका से संपर्क कर उसकी शिकायत दर्ज की।

शिक्षिका की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी मैनेजर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने दिनेश राय पुत्र शारदा राय, निवासी मोतीछापर, थाना रविंद्रनगर धूस को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में वायरल वीडियो की सत्यता और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *