दुर्ग/अंबिकापुर। अंबिकापुर के नया बस स्टैंड परिसर में पुलिस की वर्दी में शराब का सेवन करने और INSAS राइफल छोड़कर जमीन पर सोते हुए पाए गए दुर्ग पुलिस के दो जवानों पर कार्रवाई की गई है। दुर्ग पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, सहायक उपनिरीक्षक (ASI) जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक क्रमांक 1223 ऋषिकांत त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मियों को 17 अक्टूबर को एक कैदी को पेशी ड्यूटी के लिए जिला सरगुजा भेजा गया था। इसके अगले दिन, 18 अक्टूबर को शाम 5:40 बजे, दोनों नया बस स्टैंड, अंबिकापुर में पुलिस की वर्दी में शराब का सेवन करते हुए पाए गए। आदेश में उल्लेख है कि दोनों ने अपनी INSAS राइफल छोड़ दी थी और जमीन पर सोते हुए मिले थे।
तत्काल प्रभाव से निलंबन
मामले को गंभीरता से लेते हुए दुर्ग पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने दोनों जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिए जाने का प्रावधान आदेश में उल्लेखित है। दोनों को दुर्ग स्थित रिजर्व केंद्र में संबद्ध किया गया है।
5 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश
जारी आदेश में संबंधित रिजर्व निरीक्षक को निलंबन आदेश की प्रतियां संबंधित जवानों को वितरित करने तथा घटना की प्रारंभिक जांच पूरी कर 5 दिन के भीतर जांच प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
