कवर्धा। जिले में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिल्फी बॉर्डर पर अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक में बनाए गए गुप्त चेंबर से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को थाना चिल्फी के सामने एनएच-30 पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए गुप्त चेंबर में खाकी टेप से लिपटे गांजे के पैकेट छिपाकर रखे मिले।
मामले में पुलिस ने बलजीत सिंह, निवासी अमृतसर (पंजाब) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजे के अलावा करीब 27 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक और 5 हजार रुपये का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।