धमतरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। “ऑपरेशन निश्चय” के तहत कुरुद पुलिस ने धोबनी तालाब के पास नशीले कैप्सूल की बिक्री करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 416 नशीले कैप्सूल, दो मोबाइल फोन और 12,300 रुपये नकद समेत 46 हजार का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान कुरुद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि धोबनी तालाब स्थित शंकर मंदिर के पास कुछ लोग नशीले कैप्सूल बेच रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को नशीले कैप्सूल की बिक्री करते पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 416 नशीले कैप्सूल, दो मोबाइल फोन और 12,300 रुपये नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेखराम ध्रुव उर्फ दादू (29 वर्ष), निवासी बैगापारा कुरुद और भानुप्रताप धीवर उर्फ गोलू (42 वर्ष), निवासी धोबनीपारा कुरुद के रूप में हुई है।