कुशालपुर में बिना अनुमति बन रहा व्यावसायिक भवन को निगम ने ढहाया

रायपुर। नगर निगम ने शहर में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में नगर निगम जोन-5 के नगर निवेश विभाग ने कुशालपुर क्षेत्र में बिना अनुमति निर्माणाधीन व्यावसायिक भवन पर कार्रवाई करते हुए निर्माण को हटा दिया।

नगर निगम के अनुसार, कुशालपुर क्षेत्र में करीब 500 वर्गफुट भूमि पर बिना अनुमति व्यावसायिक भवन का निर्माण किया जा रहा था। मामले में संबंधित निर्माणकर्ता अजय देवांगन को नगर निगम अधिनियम के तहत नियमानुसार नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की।

यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर की गई। जोन-5 जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता लाल महेन्द्र प्रताप सिंह, सहायक अभियंता नागेश रामटेके और उपअभियंता टिकेन्द्र चंद्राकर की उपस्थिति में नगर निवेश विभाग की टीम ने अभियान चलाया।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में भवन निर्माण के लिए निर्धारित नियमों और अनुमति प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य है। बिना अनुमति या नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे निर्माण के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *