महिला से चेन स्नेचिंग, बाइक सवार युवकों ने सोने का मंगलसूत्र झपटा, नाकेबंदी कर तलाश जारी

रायगढ़। शहर के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम महिला से चेन स्नेचिंग की घटना सामने आई है। केलो विहार के शिव मंदिर मार्ग पर बाइक सवार दो युवकों ने पैदल जा रही महिला के गले से करीब 10 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, छोटे अतरमुड़ा निवासी गीता पटेल अपनी परिचित महिला के साथ चंद्रनगर कॉलोनी से पैदल चक्रधरनगर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से मंगलसूत्र झपटा और दोनों आरोपी तहसील कार्यालय रायगढ़ की ओर भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, चक्रधरनगर थाना पुलिस और साइबर टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज में संदिग्ध युवकों की तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्हें अलग-अलग व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा कर उनकी पहचान की जा रही है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस टीम ने शहर में नाकेबंदी के साथ ही मुखबिरों से भी संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को संदिग्ध बाइक सवार युवकों के बारे में कोई जानकारी मिले तो थाना प्रभारी चक्रधरनगर- 9479193210 या पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़- 9479193299 पर सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *