फोटोबाजी और बदनामी साबित हुई युवक की शादी, दुल्हन फुर्र

मथुरा। शादी का सपना लेकर चंद्रभान मंदिर पहुंचा था. सामने एक लड़की थी, साथ में शादी के गवाह बने कुछ लोग थे. मंदिर में शादी हुई और चंद्रभान दुल्हन को लेकर अपने गांव लौट आया. लेकिन शादी की खुशी ज्यादा देर नहीं टिकी. आरोप है कि गांव पहुंचने के बाद दुल्हन अपने साथियों के साथ फरार हो गई. अब पुलिस ने इस कथित लुटेरी दुल्हन समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. मामला मथुरा के सुरीर कोतवाली थाना क्षेत्र का है.

कहानी नगला जय सिंह गांव के रहने वाले चंद्रभान की है. पुलिस के मुताबिक, चंद्रभान की शादी कराने के नाम पर उसके रिश्तेदार सुंदर ने उससे 1 लाख 15 हजार रुपये लिए थे. इसके बाद सुंदर उसे अलीगढ़ के एक मंदिर में ले गया. वहां एक लड़की से चंद्रभान की शादी कराई गई. शादी में कुछ लोग रिश्तेदार बनकर मौजूद थे. पुलिस के मुताबिक, रविंद्र भाटी को लड़की का चाचा और दिनेश भाटी को उसका भाई बताया गया था.

शादी की रस्में पूरी हुईं और चंद्रभान दुल्हन को लेकर अपने गांव आ गया. लेकिन इसके बाद कहानी में अचानक ट्विस्ट आया. पुलिस के मुताबिक, गांव पहुंचने के बाद दुल्हन अपने साथी इरफान और सुंदर के साथ वहां से चली गई. चंद्रभान को जब मामला समझ आया तो उसने पुलिस से शिकायत की.

शिकायत के आधार पर पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह की जांच शुरू की. पुलिस का आरोप है कि शादी के नाम पर चंद्रभान से 99 हजार रुपये ऑनलाइन UPI के जरिए और 16 हजार रुपये कैश लिए गए थे. कुल रकम करीब 1.15 लाख रुपये बताई जा रही है.

जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने दुल्हन समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार किए गए लोगों में सुंदर, इरफान और वह महिला शामिल है, जिससे चंद्रभान की शादी कराई गई थी. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में गिरोह के कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं. उनकी तलाश की जा रही है.

मांट के CO अमर नाथ ने बताया कि शादी कराने के नाम पर झांसा देकर ठगी करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें आरोपी दुल्हन भी शामिल है. बाकी आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस गिरोह ने इसी तरह और लोगों को भी अपना शिकार बनाया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *