मोवा में पुलिसकर्मी के सूने घर में चोरी, 3 लाख का माल पार

रायपुर। रक्षा बंधन पर्व के चलते परिवार के गांव जाने के बाद सूने मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। महिला थाना रायपुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक दीपक पटेल के मोवा स्थित घर से अज्ञात चोर करीब 3.20 लाख रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। मामले की शिकायत पंडरी थाने में दर्ज कराई गई है।पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, दीपक पटेल ग्रींडले विहार के पास दुबे कॉलोनी, मोवा में रहते हैं।

परिवार के सदस्य रक्षा बंधन पर्व मनाने गांव गए हुए थे और वे घर में अकेले थे। 28 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे वे घर के मुख्य दरवाजे और लोहे के मेन गेट पर ताला लगाकर रात्रि ड्यूटी के लिए महिला थाना रायपुर चले गए।

अगले दिन 29 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद जब वे घर पहुंचे तो लोहे का गेट और मुख्य दरवाजा खुला मिला। दोनों दरवाजों के ताले गायब थे। अंदर जाकर देखने पर दोनों बेडरूम में रखी लोहे की आलमारियां खुली मिलीं और कपड़े व अन्य सामान बिखरा पड़ा था। पलंग के अंदर रखा सामान भी अस्त-व्यस्त मिला।

शिकायत के अनुसार, चोर आलमारी में रखे करीब 1.50 लाख रुपये नकद, दो नग सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी सोने का सुई-धागा तथा करीब 20 हजार रुपये कीमत का पुराना लैपटॉप चोरी कर ले गए। इसके अलावा एसबीआई की बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित पत्नी और बच्चे के जरूरी दस्तावेज भी चोरी हुए हैं।

प्रधान आरक्षक की शिकायत पर पंडरी थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। चोरी की वारदात को लेकर पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *