नई काशीराम सुपर मार्केट में छापा, नोटिस जारी

बलौदाबाजार। आगामी दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए राज्य शासन के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा दल द्वारा जिले के हॉटल, मिष्ठान्न भंडारों का सघन जांच किया जा रहा है। इसी कड़ी मे खाद्य सुरक्षा दल द्वारा नई काशीराम सुपर मार्केट के निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों को गैर-खाद्य वस्तुओं के साथ सम्मिलित रूप से रखे जाने तथा व्यवस्थित ढंग से नहीं रखे जाने पर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया।

जांच के दौरान बड़ा बाजार बलौदाबाजार, शुभम के मार्ट बेमेतरा रोड सिमगा, शिवाय किराना स्टोर्स फलारी, कृष्णा मिष्ठान्न भंडार हथबंद, शुक्ला होटल हथबंद, गोस्वामी होटल लिमतरा, योगेश किराना स्टोर सुहेला तथा महादेव एजेंसी लाहौद से पेड़ा, बेसन लड्डू, रसगुल्ला, शक्कर, तेल, सेवई, गुड़, मैदा एवं बेसन के नमूने संग्रहित कर जांच हेतु खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया।रिपोर्ट में मिलावट या अमानकता पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे त्यौहारों के दौरान केवल उच्च गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों के अनुरूप ही खाद्य पदार्थों का निर्माण व विक्रय करें। बिना खाद्य पंजीयन या लाइसेंस के संचालित होने वाले अस्थायी स्टॉलों और शहरी क्षेत्रों से ग्रामीण हाट-बाजारों की ओर होने वाली संदिग्ध मिठाइयों की सप्लाई चैन पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे जागरूक रहें और पैकेटबंद मिठाइयों या सामग्रियों को खरीदते समय लेबलिंग की जाँच एवं बिल अवश्य लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *