रायपुर। संतोषी नगर निवासी सीआरपीएफ जवान नवीन तिर्की ने अपनी मां के साथ हुए सड़क हादसे को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, उनकी मां एब्रेनसिया किण्डो तिर्की इन्द्रावती भवन स्थित संचालनालय आयुक्त भू-अभिलेख में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं।
नवीन तिर्की ने पुलिस को बताया कि 15 जुलाई 2026 की सुबह करीब 11 बजे उनकी मां ने उन्हें फोन किया था। कुछ देर बाद उनके फोन से किसी अन्य व्यक्ति ने बात करते हुए जानकारी दी कि बस क्रमांक CG23/M/7292 के चालक ने उनकी मां को टक्कर मार दी है और उन्हें इलाज के लिए सद्भावना अस्पताल ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही नवीन तुरंत घर से निकले और माना बस्ती के पास पहुंचे। वहां उन्हें दोबारा सूचना मिली कि उनकी मां को बेहतर इलाज के लिए रामकृष्ण अस्पताल रेफर किया गया है।
इसके बाद नवीन रामकृष्ण अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मां से घटना की जानकारी ली। घायल महिला ने बताया कि वह घर से इन्द्रावती भवन ड्यूटी जाने के लिए बस क्रमांक CG23/M/7292 में सवार हुई थीं। इन्द्रावती भवन पहुंचने के बाद वह गेट नंबर-3 के पास बस से उतरकर सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान बस चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बस चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में महिला के सिर और बाएं पैर में गंभीर चोटें आईं। बस में मौजूद अन्य कर्मचारियों और कार्यालय के लोगों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बेटे ने आरोप लगाया कि बस चालक की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।