रायपुर। ओडिशा में आठ वर्षों बाद आयोजित छात्रसंघ चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के प्रत्याशियों की सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर सभी विजयी प्रत्याशियों और युवा साथियों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही चुनाव में बैलेट पेपर के इस्तेमाल और निर्वाचन आयोग के बजाय शिक्षण संस्थानों द्वारा चुनाव प्रक्रिया संचालित किए जाने का उल्लेख करते हुए EVM और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने वालों पर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री साय ने अपने पोस्ट में कहा कि ओडिशा में आठ वर्षों बाद छात्रसंघ चुनाव हुए और इनमें ABVP को सफलता मिली। उन्होंने कहा कि इन चुनावों की खास बात यह रही कि मतदान EVM के बजाय बैलेट पेपर से कराया गया। इसके अलावा, चुनाव प्रक्रिया का संचालन निर्वाचन आयोग ने नहीं, बल्कि संबंधित शिक्षण संस्थानों ने किया।
सीएम साय ने अपने संदेश में कहा कि यह परिणाम उन लोगों के लिए भी एक संदेश है, जो चुनावी पराजय के बाद EVM और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि जनादेश पर सवाल उठाना आसान है, लेकिन जनसेवा और निरंतर समर्पण के माध्यम से जनता का विश्वास हासिल करना ही सच्चे नेतृत्व की पहचान है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि युवा पीढ़ी अब नारों और आरोपों से आगे बढ़कर नेतृत्व, कार्य और विचारों को महत्व देती है। उन्होंने ABVP के विजयी प्रत्याशियों और युवा साथियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।