पुलिस बैंड की भक्तिमय धुनों से गूंजा मां बम्लेश्वरी का दरबार, सुरक्षा व्यवस्था के बाद अधिकारी और जवानों ने लिया मां का आशीर्वाद

राजनांदगांव। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाने के बाद राजनांदगांव पुलिस ने श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मां के दरबार में हाजिरी लगाई। अष्टमी के अवसर पर पुलिस बल एवं पुलिस बैंड की मौजूदगी में मां बम्लेश्वरी की आरती-अर्चना की गई और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की गई।

इस अवसर पर राजनांदगांव पुलिस बैंड ने भक्तिमय धुनों से मंदिर परिसर में आध्यात्मिक माहौल बना दिया। नवरात्रि ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने मां के श्रीचरणों में मत्था टेककर सफलतापूर्वक ड्यूटी संपन्न होने पर आभार व्यक्त किया।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, शांतिपूर्ण संपन्न हुआ डोंगरगढ़ मेला

नवरात्रि पर्व के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोंगरगढ़ पहुंचे। इस दौरान छत्तीसगढ़ पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन कराने के साथ ही पदयात्रियों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

पुलिस के अनुसार, नवरात्रि के दौरान पदयात्रियों के साथ शून्य दुर्घटना दर्ज की गई। वहीं, डोंगरगढ़ मेला व्यवस्था के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना सामने नहीं आई। सभी धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। इस सफल व्यवस्था के लिए पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के सहयोग के प्रति आभार जताया।

जनसेवा और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है राजनांदगांव पुलिस

नवरात्रि ड्यूटी के सफल संचालन के बाद मां बम्लेश्वरी के दरबार में आरती-अर्चना पुलिस बल के समर्पण और आस्था का प्रतीक बनी। पर्व के दौरान तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।राजनांदगांव पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी जनसेवा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा और धार्मिक आयोजनों के सुचारु संचालन के लिए पूरी प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ कार्य किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *