रायगढ़,। खरसिया पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय युवती की पहचान आरोपी साहिल बंजारे निवासी गोपी महका से गैरेज में स्कूटी रिपेयर कराने के दौरान हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि फरवरी 2026 में आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देकर अपने घर बुलाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी कई स्थानों पर संबंध बनाए गए।
पीड़िता का आरोप है कि 18 अगस्त को खरसिया में भी आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने शादी की बात कही तो आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी और शादी से इनकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर खरसिया चौकी में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी साहिल बंजारे (20) को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।