रायगढ़। सोशल मीडिया पर जिंदगी खत्म करने की बात कहते हुए वीडियो जारी करने वाले एक युवक को रायगढ़ पुलिस ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया। खरसिया क्षेत्र में सामने आए इस मामले में पुलिस ने साइबर तकनीकी सहायता से युवक की लोकेशन का पता लगाया और रेलवे पटरी के पास पहुंचकर उसे सुरक्षित संरक्षण में लिया।
पुलिस के अनुसार, युवक द्वारा सोशल मीडिया पर ऐसा वीडियो जारी किए जाने की सूचना मिलने के बाद चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल साइबर थाना से तकनीकी सहायता ली। इसके बाद युवक की संभावित लोकेशन और आने-जाने के रास्तों पर नजर रखते हुए तलाश शुरू की गई।
तलाश के दौरान पुलिस टीम को युवक रेलवे पटरी के आसपास दिखाई दिया। पुलिस को अपनी ओर आते देखकर युवक वहां से निकलने लगा और टाउन हॉल की ओर से रायगढ़ चौक की तरफ जाने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा कर उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने युवक से बातचीत कर उसकी स्थिति को समझा और आवश्यक समझाइश दी। पुलिस की समय पर कार्रवाई से संभावित अनहोनी टल गई। आवश्यक कार्रवाई और समझाइश के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
