दलाल गिरफ्तार : 1 करोड़ की ठगी, काली कमाई कर रहा था झांसा देकर 

रायगढ़। कृष्ण कुमार साहू नाम के दलाल को तमनार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी दलाल वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन बेचने के नाम से काली कमाई कर रहा था। पीड़ित सद्दाम हुसैन और सुरेश मानिकपुरी की शिकायत पर ठगी के खेल का भंडाफोड़ हो गया। पुलिस ने बताया कि दोनों पीड़ित लगातार अपनी रकम वापस मांग रहे थे, तो आरोपी ने अपनी जमीन बेचकर भुगतान करने का झांसा दिया और इस बहाने और रकम ले ली। बाद में आरोपी ने अपनी भूमि खसरा नंबर 428/4, रकबा 0.049 हेक्टेयर का 14 अप्रैल 2026 को बिक्री का सौदा भी उनसे कर लिया, लेकिन बाद में पता चला कि उसी जमीन की रजिस्ट्री किसी दूसरे महिला के नाम कर दी गई।

आरोपी ने इस तरह धोखा देकर सद्दाम हुसैन से 22 लाख रुपये और सुरेश मानिकपुरी से 22 लाख 40 हजार रुपये, टोटल 44 लाख 40 हजार रुपये नगद और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से प्राप्त कर धोखाधड़ी की। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने पुरुषोत्तम सिदार, दिनेश शर्मा, संतोष साहू, मनोज सारथी सहित कई अन्य लोगों के साथ भी वाहन खरीदी-बिक्री के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की है।

पुलिस जांच में अब तक 10-15 पीड़ितों से 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की पुष्टि हुई है। मामले में अन्य पीड़ितों की शिकायतें भी प्राप्त हो रही हैं तथा पुलिस आरोपी के आर्थिक लेन-देन, संपत्तियों और अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *