Raipur : 15 दिनों में नहीं हुई कोई छोटी-बड़ी अप्रिय घटना

रायपुर। राजधानी में गणेश उत्सव इस वर्ष शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। गणेश स्थापना से लेकर विसर्जन तक करीब 15 दिनों के दौरान चाकूबाजी, मारपीट या कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई छोटी-बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बताया कि उत्सव से पहले शुरू की गई तैयारी और संभावित घटनाओं का आकलन कर समय रहते की गई कार्रवाई सुरक्षा व्यवस्था की प्रमुख आधारशिला रही।

पुलिस के मुताबिक, गणेश उत्सव और विसर्जन झांकी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित मौजूदगी को देखते हुए 1 अगस्त 2026 से ही सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। संवेदनशील स्थानों, भीड़ और यातायात दबाव वाले क्षेत्रों की पहचान के साथ संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी बढ़ाई गई।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के नेतृत्व में तैयार की गई रणनीति के तहत अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में सभी डीसीपी और थाना स्तर के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस की ओर से लगातार पेट्रोलिंग, चेकिंग और गणेश समितियों के साथ समन्वय किया गया।

1 अगस्त से 29 सितंबर तक बड़ी कार्रवाई

रायपुर कमिश्नरेट के अनुसार, 1 अगस्त से 29 सितंबर के बीच विभिन्न कानूनों के तहत व्यापक कार्रवाई की गई। इस दौरान—

  • आर्म्स एक्ट के 154 प्रकरण
  • एनडीपीएस एक्ट के 41 प्रकरण
  • आबकारी एक्ट के 779 प्रकरण
  • 278 स्थायी वारंट तामील
  • 1,114 गिरफ्तारी वारंट तामील
  • धारा 170 बीएनएसएस के तहत 1,522 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, इन कार्रवाइयों का उद्देश्य अवैध हथियार, नशीले पदार्थ, अवैध शराब और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के साथ संभावित कानून-व्यवस्था संबंधी घटनाओं को पहले ही रोकना था।

जोन स्तर पर भी लगातार कार्रवाई

वेस्ट जोन में आर्म्स एक्ट के 64, एनडीपीएस एक्ट के 24 और आबकारी एक्ट के 354 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा 76 स्थायी और 439 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए तथा 603 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। 44 गुंडा तत्वों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

नॉर्थ जोन में आर्म्स एक्ट के 32, एनडीपीएस के 4 और आबकारी एक्ट के 389 मामलों में कार्रवाई की गई। इस दौरान 66 स्थायी और 356 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए तथा 389 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

सेंट्रल जोन में आर्म्स एक्ट के 58, एनडीपीएस एक्ट के 13 और आबकारी एक्ट के 36 मामलों में कार्रवाई की गई। यहां 136 स्थायी और 319 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए तथा 530 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। साथ ही 10 गुंडा तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पंडालों और झांकी मार्ग पर बढ़ाई गई निगरानी

गणेश पंडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में शाम और रात के समय पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई। झांकी मार्ग पर भी पुलिस बल तैनात रहा। गणेश समितियों के साथ लगातार संवाद कर डीजे, धुमाल, कार्यक्रमों और झांकियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस ने शांतिपूर्ण गणेश उत्सव के लिए गणेश समितियों, जनप्रतिनिधियों, श्रद्धालुओं, आम नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग के प्रति आभार जताया। पुलिस ने कहा कि आगामी त्योहारों में भी संभावित भीड़, संवेदनशील स्थानों और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों का पहले से आकलन कर सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था जारी रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *