रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के 4082 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं, नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े गए 2597 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
यातायात पुलिस के अनुसार, शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाना वाहन चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
4082 मामलों में कार्रवाई, सभी 2597 लाइसेंस निलंबित
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की यातायात पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक नशे में वाहन चलाने के कुल 4082 प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई की है। इनमें से 2597 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के लिए प्रकरण परिवहन विभाग को भेजे गए थे। परिवहन विभाग ने सभी 2597 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए संबंधित चालकों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध केवल मौके पर ही कार्रवाई नहीं होगी, बल्कि उनके ड्राइविंग लाइसेंस पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सड़क सुरक्षा के लिए लगातार जांच अभियान
यातायात पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जांच के माध्यम से नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों की पहचान की जा रही है। पकड़े जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने के साथ ही लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है।
