खिलौना खरीदने पहुंचे बच्चों से गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी का आरोप

रायपुर। इन्द्रप्रस्थ मीरा नगर बीएसयूपी कॉलोनी निवासी पूजारी मन्नूदास मानिकपुरी ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि महादेवघाट स्थित हटकेश्वर महादेव मंदिर के मैदान में खिलौने की दुकान लगाने वाली दो महिलाओं ने उनके नाती समेत तीन बच्चों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, वे अपनी बेटी और नाती को अपने पास रखते हैं। उनका नाती महादेवघाट रायपुरा स्थित मां शारदा विद्या मंदिर स्कूल में पढ़ता है। इसी स्कूल में उनके पड़ोसी हेमदास मानिकपुरी की बच्ची और धरमदास मानिकपुरी के बच्चे भी अध्ययनरत हैं।

बताया गया कि रोज की तरह 3 सितंबर 2026 को बच्चे स्कूल गए थे। छुट्टी होने के बाद दोपहर करीब 2:15 बजे बच्चे महादेवघाट स्थित हटकेश्वर महादेव मंदिर के मैदान में खिलौने खरीदने पहुंचे। यहां लक्ष्मी जोगी और नीतु जोगी खिलौने की दुकान लगाती हैं।

आरोप है कि इसी दौरान दोनों महिलाओं ने बच्चों से कहा कि वे उनकी दुकान पर न आया करें और इसके बाद कथित तौर पर बच्चों के साथ अश्लील एवं गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद बच्चे काफी भयभीत और डरे हुए हैं।

पूजारी मन्नूदास मानिकपुरी ने डीडी नगर थाने में शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *