Headlines

रायपुर में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर एडवाइजरी जारी

रायपुर। 15 अगस्त 2026, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में माननीय मुख्यमंत्री महोदय द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा तथा परेड की सलामी ली जाएगी। समारोह में प्रदेशभर से आमंत्रित विशिष्ट अतिथि, वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, प्रतिभागी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों के उपस्थित होने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात संचालन हेतु मार्ग, डायवर्सन एवं पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की गई है। वाहन पास के अनुसार पार्किंग व्यवस्था

01. लाल कार पासधारी वाहन : लाल वाहन पासधारी आमंत्रित अतिथि PWD चौक → छत्तीसगढ़ कॉलेज → कुंदन पैलेस → PWD कॉलोनी → MT वर्क्स शॉप गेट → वायरलेस ऑफिस के सामने से होते हुए मंच के पीछे स्थित VIP पार्किंग में अपना वाहन पार्क कर सकेंगे।

02. हरा कार पासधारी वाहन : हरा वाहन पासधारी अतिथि PWD चौक → छत्तीसगढ़ कॉलेज → कुंदन पैलेस → RI गेट चौक होते हुए सेंट पॉल स्कूल पार्किंग में अपना वाहन पार्क करेंगे।

03. बिना पास वाले वाहन : बिना कार पास वाले वाहन चालकों के लिए सेंट पॉल स्कूल ग्राउंड में पार्किंग व्यवस्था की गई है। वाहन पार्क करने के बाद वाहन चालक एवं दर्शक RI गेट से पैदल पुलिस लाइन में प्रवेश कर दर्शक दीर्घा तक पहुंचेंगे।

04. स्कूल बसों के लिए व्यवस्था :परेड ग्राउंड में छात्र-छात्राओं एवं अन्य संस्थाओं के प्रतिभागियों को लेकर आने वाली स्कूल बसें पुलिस लाइन के पिछला गेट (धमतरी गेट) से प्रवेश करेंगी। हेलीपेड के पास छात्र-छात्राओं को उतारने के बाद बसों को स्केटिंग ग्राउंड के पास निर्धारित पार्किंग स्थल पर पार्क किया जाएगा।*यातायात डायवर्सन एवं प्रतिबंध

01. स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पेंशनबाड़ा चौक, PWD चौक एवं महिला थाना चौक से पुलिस लाइन की ओर केवल परेड में शामिल होने वाले तथा कार्यक्रम देखने आने वाले अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा।

02. सामान्य यातायात को आवश्यकता अनुसार वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा। उक्त मार्ग से आवागमन करने वाले वाहन चालक कार्यक्रम समाप्त होने तक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

03. कार्यक्रम स्थल के चारों ओर मुख्य मार्गों एवं संपर्क मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। निर्धारित पार्किंग स्थल के अतिरिक्त सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर यातायात पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

मीडिया वाहनों के लिए व्यवस्था

मीडिया की OB वैन पुलिस लाइन के धमतरी गेट से प्रवेश करेगी तथा हेलीपेड के बगल में निर्धारित स्थान पर पार्क की जाएगी।

परेड ग्राउंड में प्रतिबंधित सामग्री

सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत परेड ग्राउंड के अंदर शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, माचिस, लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ, छाता, बोर्ड, वाद्य यंत्र, आग्नेय अस्त्र, पटाखे, चाकू, कटार, तलवार, कैंची, ब्लेड अथवा किसी भी प्रकार की तेज धारदार वस्तु, खतरनाक सामग्री, भड़काऊ अथवा संकट उत्पन्न करने वाले संकेत/सामग्री, गुब्बारे, गेंद, लकड़ी की लाठी, हॉकी स्टिक, प्रचार सामग्री, लाउड हैलर, हॉर्न, रेडियो तथा पालतू जानवर आदि ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात पुलिस की आम नागरिकों से अपील

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह में आने वाले सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन पार्क करें, सड़क पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा न करें तथा यातायात पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड एवं डायवर्सन का पालन करें।कार्यक्रम स्थल पर भीड़ एवं यातायात के दबाव को देखते हुए नागरिक समय से पूर्व कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हों तथा निर्धारित पार्किंग स्थल से पैदल कार्यक्रम स्थल तक पहुंचें।

VIP मार्ग को अनावश्यक रूप से बाधित न करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।यातायात पुलिस का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आम नागरिकों, अतिथियों, विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित आवागमन उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *