रायपुर। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत एक वर्षीय बालक को महज 5 घंटे के भीतर नागपुर के उमरेड से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया है। मामले में आरोपी पवन साहू को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त रॉयल एनफील्ड क्लासिक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को थाना गुढ़ियारी में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि पवन साहू उसके घर में घुसा और गाली-गलौज व धमकी देते हुए उसके एक वर्षीय बच्चे को जबरदस्ती अपने साथ ले गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना गुढ़ियारी की टीम ने आरोपी और बच्चे की तलाश शुरू की।
नागपुर पहुंची पुलिस टीम
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी बच्चे को लेकर नागपुर, महाराष्ट्र की ओर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल उमरेड, नागपुर के लिए रवाना हुई और लगातार पतासाजी करते हुए आरोपी तक पहुंच गई। पुलिस ने घटना के लगभग 5 घंटे के भीतर आरोपी पवन साहू को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद बालक को सुरक्षित उसकी मां के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त रॉयल एनफील्ड क्लासिक मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PS 0520 जब्त की गई है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
बच्चे को वापस पाकर मां ने पुलिस को दिया धन्यवाद
बच्चे की सकुशल बरामदगी के बाद उसकी मां ने रायपुर कमिश्नरेट पुलिस, नॉर्थ जोन और थाना गुढ़ियारी की टीम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि घटना के बाद परिवार बेहद चिंतित था, लेकिन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में बच्चे को सुरक्षित वापस ला दिया। पुलिस के अनुसार, समय पर मिली सूचना, तत्काल कार्रवाई और लगातार पतासाजी के चलते अपहृत बालक को करीब 5 घंटे में सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।