रायपुर में ई-रिक्शा पलटने से फल-सब्जी बेचने वाली महिला घायल

रायपुर। राजधानी के आरंग क्षेत्र की रहने वाली एक महिला फल विक्रेता ई-रिक्शा दुर्घटना में घायल हो गई।  घायल महिला का इलाज रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में चल रहा है। मामले में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरंग थाना क्षेत्र के सुमित बाजार के पीछे रहने वाले बृजमोहन खेलवार ने बताया कि उनकी माता श्रीमती चंपाबाई आरंग में फल एवं सब्जी बेचने का काम करती हैं। घटना वाले दिन वह शास्त्री मार्केट से फल-सब्जी खरीदकर ई-रिक्शा क्रमांक CG04NC7105 से आरंग लौट रही थीं।

शिकायत में बताया गया है कि जब ई-रिक्शा घड़ी चौक और पुराने टैक्सी स्टैंड के बीच पहुंचा, तभी चालक ने वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए किसी ठेले से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में ई-रिक्शा में सवार चंपाबाई को बाएं हाथ और बाएं पैर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां वर्तमान में मेकाहारा में उनका इलाज जारी है। शिकायतकर्ता बृजमोहन खेलवार ने पुलिस को बताया कि घटना की जानकारी उन्हें उनकी माता ने दी। मां के उपचार में व्यस्त रहने के कारण वह तत्काल थाने नहीं पहुंच सके और बाद में आरंग थाना पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने ई-रिक्शा चालक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *