रायपुर में मासूम से हैवानियत, सिगरेट से दागकर किया घायल, सौतेला पिता और मां गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी क्षेत्र स्थित तरुण नगर में एक मासूम बच्चे के साथ मारपीट और क्रूरता का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, बच्चे के सौतेले पिता ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और सिगरेट से उसके शरीर को दागकर गंभीर चोटें पहुंचाईं। मामले में बच्चों की सुरक्षा के बजाय कथित तौर पर हिंसा रोकने में विफल रहने और घटना छिपाने का प्रयास करने के आरोप में बच्चे की मां को भी गिरफ्तार किया गया है। आज इस मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, सुशीला जगत निवासी तरुण नगर, पंडरी ने मोहल्ले के लोगों के साथ थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 13 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे मासूम बच्चे और उसके भाई के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि सौतेले पिता राजा उर्फ सुरेश दीप ने बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट की और सिगरेट से उसके शरीर को दाग दिया। इस घटना में बच्चे के चेहरे, आंख और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। शिकायत के अनुसार, बच्चों के साथ हो रही हिंसा को रोकने के बजाय उनकी मां अन्नु देवी पर भी आरोपी का साथ देने और घटना को छिपाने का प्रयास करने का आरोप है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन पुलिस ने अपराध क्रमांक 543/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने शिकायतकर्ता और गवाहों से पूछताछ की। इसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 3(5) और किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है। राजा उर्फ सुरेश दीप और अन्नु देवी की गिरफ्तारी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *