रायपुर। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात को बाधा रहित बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

इसी कड़ी में यातायात थाना टाटीबंद क्षेत्र अंतर्गत हीरापुर रिंग रोड एवं सर्विस रोड पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सर्विस रोड पर अवैध रूप से खड़े पाए गए 20 ट्रक एवं ट्रेलर वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत चालानी कार्यवाही की गई।

गौरतलब है कि भारी वाहनों को मुख्य मार्ग एवं सर्विस रोड पर लंबे समय तक खड़ा करने से अन्य वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित होती है, यातायात बाधित होता है तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। इसे गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस द्वारा यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।
कार्यवाही के दौरान संबंधित ट्रक चालकों एवं वाहन मालिकों को सड़क पर अवैध पार्किंग नहीं करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करने की समझाइश दी गई।