सदर बाजार में 1 करोड़ 88 लाख की ज्वेलरी ठगी, महिला गिरफ्तार

रायपुर। सदर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान से सोने, चांदी और हीरे के करीब 1 करोड़ 88 लाख रुपये के आभूषण कथित तौर पर धोखाधड़ी से लेने के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने खुद को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताकर दुकानदार का विश्वास जीता और गलत हस्ताक्षर वाले चेक देकर आभूषण प्राप्त किए। मामले में शामिल दूसरी महिला फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, भाठागांव निवासी रिखब बरडिया की सदर बाजार में विधि ज्वेलर्स एंड बुलियन नाम से दुकान है। शिकायत के मुताबिक, 24 अगस्त 2026 को किरण साहू एक अन्य महिला के साथ दुकान पहुंची। उसने खुद को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताया और दुकानदार का विश्वास हासिल किया। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने दुकान से करीब 37 लाख रुपये के आभूषण लिए। इसके बदले 250 ग्राम सोने का बिस्कुट और 7 लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि शेष 15 लाख रुपये के भुगतान के लिए चेक दिया गया।

इसके बाद 26 अगस्त को दोनों महिलाएं फिर दुकान पहुंचीं और करीब 1.73 करोड़ रुपये के सोने, चांदी तथा हीरे के आभूषण ले गईं। इसके भुगतान के लिए 1,73,37,630 रुपये का दूसरा चेक दिया गया। दोनों ने दो-तीन दिनों में सोने के बिस्कुट देने का आश्वासन भी दिया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को जब उसने 15 लाख रुपये का चेक बैंक में जमा किया, तो गलत हस्ताक्षर के कारण चेक अनादरित हो गया। इसके बाद किरण साहू से संपर्क करने पर वह कथित तौर पर टालमटोल करती रही। न तो बकाया राशि का भुगतान किया गया और न ही आभूषणों का हिसाब दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, इस तरह दोनों महिलाओं पर 1,88,37,630 रुपये मूल्य के आभूषण धोखाधड़ी से प्राप्त करने का आरोप है। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 402/26 के तहत बीएनएस की धाराओं 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी किरण साहू को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपनी साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी से धोखाधड़ी के जरिए प्राप्त आभूषणों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

दूसरी आरोपी की तलाश जारी

गिरफ्तार महिला की पहचान किरण साहू (28 वर्ष), पति गोपाल साहू, निवासी मजदूर नगर सरोरा, थाना उरला, जिला रायपुर के रूप में हुई है। मामले में दूसरी महिला आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और आभूषणों की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *