अंडरगारमेंट में छुपाया था मोबाइल, रेलवे भर्ती परीक्षा में नकलची गिरफ्तार 

रायपुर। पुलिस द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखने हेतु लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना डी.डी. नगर क्षेत्रांतर्गत रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) के सरोना परीक्षा केंद्र में आयोजित कम्प्यूटर आधारित परीक्षा की द्वितीय पाली के दौरान अभ्यर्थी द्वारा अनुचित साधनों का उपयोग किए जाने का मामला प्रकाश में आया।

परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक द्वारा अभ्यर्थी की गतिविधियाँ संदिग्ध पाए जाने पर विशेष निगरानी रखी गई। सीसीटीवी फुटेज एवं जांच में पाया गया कि अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष में छिपाकर लाया गया मोबाइल उपयोग कर कम्प्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों के फोटो ले रहा था । पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल फोन छिपाकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया था। बरामद मोबाइल फोन की जांच में परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्नों के फोटो प्राप्त हुए, जो परीक्षा में प्रदर्शित प्रश्नों से मेल खाते पाए गए।

नकल प्रकरण के संबंध में अफसरों को अवगत कराया गया, जिनके दिशा निर्देशन में नकल रिपोर्ट पर डीडी नगर थाने में अपराध क्रमांक 432/2026 पंजीबद्ध कर धारा 318(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 10(1) लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत अपराध दर्ज कर जांच की गई। कार्यवाही के दौरान नकलची अफताब निवासी संतरेजीपुरा, इतवारी, नागपुर (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया गया।नकलची अफताब के कब्जे से सैमसंग मोबाइल,  आधार कार्ड और परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *