बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत 1,400 रुपये बताई गई है, तथा शराब बिक्री की 1,100 रुपये नकद राशि जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमलेश निर्मलकर उर्फ गोलू (30 वर्ष), पिता रामशरण निर्मलकर, निवासी गांधीनगर रतनपुर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
बताया गया कि पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई कर रही है।
इसी अभियान के तहत 21 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गांधीनगर रतनपुर में दबिश दी। इस दौरान आरोपी कमलेश निर्मलकर उर्फ गोलू के कब्जे से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब और बिक्री की 1,100 रुपये नकद राशि बरामद कर जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।