दिल्ली। TPT नगर की नई सब्जी मंडी में देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। सात-आठ सितंबर की दरमियानी रात करीब 1:45 बजे दुकान नंबर A-1500 के पास 28 वर्षीय युवक को कई गोलियां मार दी गईं। गंभीर हालत में उसे BJRM अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय आलम के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। पुलिस को मौके से खून के निशान और कई खाली कारतूस बरामद हुए हैं। क्राइम टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने मामले में आदर्श नगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात से पहले और बाद में घटनास्थल के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आलम की हत्या किसने और क्यों की? जांच टीम CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। मामले की जांच जारी है।