बिलासपुर। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और वाहनों में अवैध तरीके से अतिरिक्त एंगल लगाने वालों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत हिर्री पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने दो आयसर माजदा वाहनों को जब्त किया है, जिनमें डीजे लोड करने के लिए वाहन के दाएं, बाएं और ऊपर लोहे के अतिरिक्त एंगल लगाए गए थे।

पुलिस के अनुसार, 24 और 25 सितंबर 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान भोजपुरी टोल प्लाजा के पास माजदा आयसर क्रमांक CG 07 CU 9646 और CG 22 AB 7725 को जांच के लिए रोका गया। जांच में दोनों वाहनों में अतिरिक्त लोहे के एंगल लगे पाए गए। पुलिस के मुताबिक, इस तरह की संरचना से सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

मामले में वाहन चालक/संबंधित व्यक्तियों उत्तम यादव, निवासी भुलाजगोंदी, जिला बालोद और अशोक यादव, निवासी तोरला, जिला मुंगेली के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 130(3)/177 और 194(1)(ए) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर दोनों वाहनों को धारा 207 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जब्त कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले में सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा, सउनि धारा सिंह मरावी, प्रधान आरक्षक शिवनारायण पाण्डेय, प्रधान आरक्षक अशोक चन्द्राकर, आरक्षक सुनील सिंह और आरक्षक सुरज कुर्रे का विशेष योगदान रहा।