Headlines

साप्ताहिक बाजार में परिजनों से बिछड़ा बच्चा, पुलिस ने सुरक्षित मिलाया

सरगुजा। जिले के बतौली थाना क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार में गुरुवार को भीड़ के बीच पांच साल का एक बच्चा अपने पिता से बिछड़ गया। बच्चा करीब दो घंटे तक बाजार में अकेले भटकता रहा। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ी। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित थाने पहुंचाया और कुछ देर बाद उसे उसके परिजनों से मिला दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बोदा निवासी पांच वर्षीय रुद्र अपने पिता मोहित घासी के साथ त्योहारी साप्ताहिक बाजार आया था। बाजार में अधिक भीड़ होने के कारण वह अपने पिता से अलग हो गया। बच्चा डर के कारण रोते हुए बाजार में भटक रहा था।

बाजार में ड्यूटी कर रहे प्रशिक्षु एसआई शिव ध्रुव, प्रधान आरक्षक अनूप कुजूर, मेबीस खाखा और आरक्षक जोगी बड़ा ने बच्चे को देखा। पुलिसकर्मियों ने उससे नाम और पता पूछा, लेकिन डर के कारण वह केवल ‘बोदा’ और ‘पापा’ ही बता पा रहा था। इसके बाद पुलिस उसे सुरक्षित बतौली थाने ले गई और उसकी देखभाल की।

करीब एक घंटे बाद बच्चे के पिता और दादा उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे। वहां बच्चे को सुरक्षित देखकर पिता भावुक हो गए। उन्होंने बतौली पुलिस की तत्परता के लिए आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *